पटना न्यूज डेस्क: पटना में नशे के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर और उससे जुड़ा सामान बरामद किया है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में आलमगंज इलाके के गांधी सेतु के पास रॉयल ग्रीन अपार्टमेंट में छापेमारी की गई, जहां से करीब 1 किलो 681 ग्राम तैयार ब्राउन शुगर मिली। मौके से समस्तीपुर के जितेंद्र पासवान और जहानाबाद के नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रामकृष्ण नगर के त्रिकूट नगर स्थित एक मकान में छापा मारा। वहां से करीब 19 किलो 500 ग्राम रॉ मटेरियल बरामद हुआ, जिससे लगभग 38 किलो ब्राउन शुगर तैयार की जा सकती थी। इसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। बताया जा रहा है कि यह कच्चा माल बनारस से लाया जाता था।
छापेमारी के दौरान हथियार और अन्य सामान भी मिला है, जिसमें पिस्तौल, कट्टा, कारतूस, डिजिटल तराजू, नकदी, मोबाइल और बैंक दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तैयार माल को अपार्टमेंट से शहर में सप्लाई किया जाता था और इसके लिए 15-20 लड़कों को सैलरी पर रखा गया था।
जांच में एक कांस्टेबल ऋषिकेश का नाम भी सामने आया है, जो फिलहाल फरार है। उसके नाम पर 17 लाख रुपये के चेक भी बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि वह वर्दी का दुरुपयोग कर इस नेटवर्क में शामिल था। फिलहाल पूरे गिरोह और उसके सरगना की तलाश में छापेमारी जारी है।